UP: लापता किशोरी की गला रेतकर हत्या, सरसों के खेत में फेंका शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दस दिन से लापता लगभग 15 साल की किशोरी का कंकालनुमा शव सरसों के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर किशोरी के परिजन मौके पर पहुंचे। कपड़ों के आधार पर किशोरी की पहचान की। हत्या करके शव फेंकने की आशंका जताई। सीओ बिसौली ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस को किसी अपने पर ही हत्या करने का शक है।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव लहरा लाड़पुर के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह सरसों के खेत में कंकालनुमा एक शव देखा। जो क्षत विक्षत था। लग रहा था कि किसी जानवर ने शव को नोचा या खाया होगा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के गांवों में जानकारी की गई। पता चला कि गांव निवासी मजदूरी करने वाले इकरार की 15 साल की बेटी सोनम उर्फ सोनी 19 दिसंबर की रात 12 बजे से लापता है। पुलिस ने सोनम के परिजनों को बुलाया। परिजनों ने कपड़े देखकर सोनम के रूप में पहचान की। 

परिजनों ने बताया कि सोनम कक्षा आठ पास कर चुकी थी। उसने आगे की पढ़ाई छोड़ दी थी। सोनम के लापता होने पर वह लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस को भी तहरीर दी थी लेकिन गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई। सीओ बिसौली सुनील कुमार ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। जिसमें हत्या की पुष्टि हुई है। किसी अपने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमें हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

संबंधित समाचार