बदायूं: दस हजार रुपये रिश्वत लेते सदर तहसील का लेखपाल रंगे हाथ पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। शासन की सख्ती और एंटी करप्शन टीम के लगातार कार्रवाई के बाद भी भ्रष्टाचार नहीं थम रहा है। काम के एवज में लोगों से उगाही की जा रही है। बरेली एंटी करप्शन की टीम ने एक ऐसे ही लेखपाल को दस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लेखपाल ने वारिसान दर्ज कराने के लिए रुपयों की मांग की थी। आरोपी लेखपाल के खिलाफ सिविल लाइन कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराकर टीम उसे अपने साथ ले गई। 

कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव गडोरा निवासी दुर्गेश कुमार पुत्र जयप्रकाश ने बरेली जाकर एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। जिसमें बताया कि उनके पिता की मौत हो चुकी है। उन्हें पिता की पैतृक संपत्ति में वारिसान दर्ज कराना था। जिसके चलते उन्होंने तहसील सदर में आवेदन किया था लेकिन तहसील सदर में तैनात राजस्व लेखपाल महेंद्र सिंह फौजी पुत्र सवाल सिंह उनके स्वर्गीय पिता की पैतृक संपत्ति के प्रपत्रों में वारिसान दर्ज करने के एवज में उनसे 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर काम न करने की धमकी दी जा रही थी। ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने उनकी पूरी बात समझी और मंगलवार को जाल बिछाया। 

दुर्गेश कुमार को दस हजार रुपये लेकर तहसील में लेखपाल के पास भेजा। लेखपाल ने रुपये लेकर अपनी जेब में रखे वैसे ही एंटी करप्शन टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और लेखपाल को 12 बजकर 50 मिनट पर रंगे हाथ पकड़ लिया। अपने साथ सीधे कोतवाली सिविल लाइन ले गई। जहां मूलरूप से जिला मथुरा के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव मगोर्रा और वर्तमान में आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के दीक्षा केसीआर टाऊन निवासी राजस्व लेखपाल महेंद्र सिंह पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम के निरीक्षक ने बताया कि बरेली मंडल में भ्रष्टाचार से संबंधी किसी भी शिकायत के लिए सीओ के मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9454401653 पर संपर्क किया जा सकता है। टीम आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार