Bareilly : कन्हैया गुलाटी को लोन लेकर दिया पैसा...अब सपा नेता दाल-रोटी के लिए भी परेशान
बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विशाल अग्रवाल ''''सिंगर'''' मंगलवार को कैनविज कंपनी में ठगी के शिकार तमाम लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी, फाउंडर प्रमोद सिंह परिहार और उनके साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विशाल अग्रवाल ने बताया कि फरवरी महीने में उन्होंने और अन्य लोगों ने कैनविज कंपनी में निवेश किया था, जिसमें उनसे वादा किया गया था कि निवेश पर पांच प्रतिशत मासिक लाभ मिलेगा और 22 महीने के बाद मूलधन लौटाया जाएगा। हालांकि, दो महीने लाभ देने के बाद गुलाटी टाल-मटोल करने लगा और फिर फरार हो गया। कई लोगों ने इस निवेश के लिए लोन लिया, मकान बेचा और अन्य साधन जुटाए, लेकिन अब उन्हें न तो लाभ मिला और न ही उनकी पूंजी वापस हुई, जिससे निवेशक रोटी, दाल तक को तरस गए हैं।
उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। रमेश साहू ने बताया कि गुलाटी बड़े-बड़े होटलों में महंगे पकवान खिलाकर लोगों को फंसाता था और झूठे वादों से निवेश करवाता था। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भूपेंद्र कुमार, विजय खुराना, पुष्पेंद्र कुमार, मनोज चौधरी, नरेंद्र कुमार, विकास श्रीवास्तव, श्याम सिंह, सुनील खुराना और आशीष कुमार मौजूद रहे।
