किसी काम नहीं आ रहे नगर निगम के अस्थाई शेल्टर होम, कड़ाके की ठंड में भी लोग खुले आसमान के नीचे फुटपाथ पर सो रहे
लखनऊ, अमृत विचार : कड़ाके की ठंड से गरीब, निराश्रित और जरूरतमंदों को राहत देने के लिए शहर में नगर निगम द्वारा लाखों रुपये खर्च करके बनाये गए अस्थाई शेल्टर होम किसी काम नहीं आ रहे हैं। क्योंकि गलन भरी ठंड के बीच भी लोग खुले आसमान के नीचे फुटपाथ पर सो रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया है कि ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। इसके बाद भी मुख्यमंत्री के आदेश का नगर निगम के अधिकारी संज्ञान नहीं ले रहे। खुले में सो रहे व्यक्तियों को शेल्टर होम पहुंचाना नगर निगम का काम है लेकिन जोनल कार्यालयों की टीम फील्ड में नहीं निकल रही है। इससे नगर निगम के गरीबों और जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के लिए किये गए इंतजाम विफल साबित हो रहे हैं।
फुटपाथ को बना लिया अस्थाई घर, चादर बिछाई और सो गए
नगर निगम जोन एक के परिवर्तन चौक चौराहा, चारबाग, नावेल्टी चौराहा, हनुमान सेतु सहित शहर के कई अन्य इलाकों में निराश्रित लोगों ने फुटपाथ को ही अस्थाई घर बना लिया है। दिन भर काम करने के बाद थक हारकर अंधेरा होते ही रिक्शा चालक, दैनिक मजदूर सहित अन्य जरूरतमंद लोग फुटपाथ और डिवाइडर पर चादर बिछाकर सो जाते हैं। जबकि इन इलाकों के आस-पास ही नगर निगम ने अस्थाई शेल्टर होम बनाए हैं। यहां इनके रहने की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। इसके बाद भी लोग खुली हवा में रहना पसंद करते हैं।
जोनल अधिकारी, राजस्व निरीक्षक सहित अन्य कर्मचारियों को सड़क और फुटपाथ पर सो रहे लोगों को अभियान चलाकर नगर निगम के शेल्टर होम पहुंचाएंगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है। रात 10 से 12 बजे तक टीमें चौराहों आदि के आस-पास अगले 15 दिनों तक लगातार अभियान चलाएंगी।-ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त, लखनऊ नगर निगम
