बदायूं: लूटपाट के बाद बर्तन व्यापारी की पत्नी की हत्या, मुंह पर लगाया था टेप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दातागंज, अमृत विचार। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पापड़ हमजापुर में लूट के बाद बर्तन व्यापारी की बुजुर्ग की पत्नी की हत्या कर दी गई। महिला के गले में पन्नी बंधी थी और मुंह पर टेप लगा हुआ था। बदमाश दस लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटकर भाग गए। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। मृतक की बेटी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। 

गांव निवासी राम अवतार बर्तन व्यापारी थे। वह लोगों को ब्याज पर भी रूपये देते थे। उनकी चार बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है। चारों बेटियों की शादी हो गई है। वह गांव में अपनी पत्नी मुन्नी देवी (65) के साथ रहते हैं। कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। वही 31 दिसंबर से अपनी बेटी शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र की नई बस्ती निवासी राधा गुप्ता पत्नी कृष्ण कुमार गुप्ता के घर गए हुए थे। जहां शुक्रवार को उनके नाती का जन्मदिन मनाया गया था। 

शनिवार सुबह राधा गुप्ता के पास फोन पहुंचा कि उनकी मां की हत्या कर दी गई है। वह गांव पहुंचीं तो मुन्नी देवी का शव बेड पर पड़ा था। अलमारी, सेफ, बक्सा खुले पड़े थे। मुख्य दरवाजे की कुंडी उखड़ी पड़ी थी। घर से लगभग 10 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। राधा गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने उनके चचेरे भाई शिवम गुप्ता, हिमांशु गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता, पूर्व प्रधान अनिल कुमार गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हिमांशु गुप्ता को हिरासत में लिया गया है। 

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला के पति तिलहर गए हुए थे। रात में उनका नाती शाजहांपुर से उन्हें छोड़कर गया था। सुबह महिला का शव मिला। मुंह पर पन्नी बंधी हुई थी। खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार