बाराबंकी क्राइम न्यूज : फंदे से लटकता मिला अधेड़ का शव, दोस्तों पर हत्या का आरोप
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार दोपहर से गायब एक अधेड़ का शव शनिवार की सुबह उसी की बाग में पेड़ से लटका मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव नीचे उतार कर पुलिस को सूचना दी। इस घटना को लेकर बेटों ने पिता के साथ रहे दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बसंतपुर गांव निवासी श्याम सुंदर वर्मा (55) पुत्र उदित नारायण वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी पत्नी का निधन करीब दस वर्ष पूर्व बीमारी के कारण हो चुका था। पत्नी की मौत के बाद से वह शराब का सेवन करने लगे थे।
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार दोपहर श्याम सुंदर का अपने बेटे और बहू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गए। उन्हे गांव के ही तीन लोगों के साथ देखा गया, दिन भर शराब का दौर चलने की बात भी कही गई।
रात तक अधेड़ घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरु की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित आम की बाग में उनका शव पेड़ से लटका मिला। खबर पाते ही मृतक के बेटे दीनदयाल, संजू और मनजीत मौके पर पहुंचे और शव नीचे उतार लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर बेटों ने दिन भर साथ रहे तीन दोस्तों पर पिता की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया। हालांकि अभी पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
नहर में मिले शव की नहीं हुई पहचान
फतेहपुर। दो दिन पूर्व शारदा सहायक नहर में मिले शव की अभी तक शिनाख्त नही हो सकी है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए पडोसी जनपद सीतापुर के थानों से सम्पर्क किया है वहीं शव से मिले मोबाईल को लैब में भेजकर नम्बर पता करने का भी प्रयास किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को ग्राम जरखा के निकट शारदा सहायक नहर में एक 35 वर्षीय युवक का शव पानी में उतराता हुआ मिला था जिसके पेट में रस्सी बंधी होने के कारण उसके साथ अनहोनी होने के संकेत मिले थे।
तलाशी में एक मोबाईल भी बरामद हुआ। कई दिनों से पानी में डूबे रहने से मोबाईल खराब हो गया था। सिम के माध्यम से मृतक युवक के परिजनों तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि सीतापुर जनपद के कई थानों में मृतक की फोटो भेजी गयी है वहीं सिम को ठीक कराने के लिए लैब भेजा गया है।
अंडा खरीदते समय हुआ विवाद, सगे भाईयों की जमकर पिटाई
रामनगर। कस्बा रामनगर में अंडा खरीदते समय मोलभाव को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों की लोहे की राड से पिटाई कर दी गई। इस घटना में एक पीड़ित की सोने की चेन भी गिर गई। पुलिस में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम मरौचा मजरे सिलौटा निवासी वीरेन्द्र सिंह पुत्र अमरीश कुमार वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 1 जनवरी की शाम करीब 5 बजे वह कस्बा रामनगर में सिकंदर की दुकान से अंडा खरीद रहा था।
इसी दौरान पैसे के मोलभाव को लेकर दुकानदार सिकंदर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सिकंदर और भी उग्र हो गया। इसी बीच पास की एक दुकान से हुमायूं नामक व्यक्ति लोहे की रॉड लेकर आया और दोनों ने मिलकर वीरेन्द्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई सत्यम वर्मा के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
मारपीट में दोनों भाइयों के सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान सत्यम वर्मा के गले से सोने की चेन भी टूटकर गिर गई, जिसकी कीमत लगभग एक लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। जाते-जाते आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
