Cricket: ईगल फाइटर्स, अवध वॉरियर्स और राइजिंग फोनिक्स ने दर्ज की शानदार जीत
लखनऊ, अमृत विचार: कारपोरेट क्रिकेट सीरीज सीजन-1 के शनिवार को खेले गए मुकाबलों में ईगल फाइटर्स, अवध वॉरियर्स और राइजिंग फोनिक्स ने अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक हासिल किए।
दिन के पहले मुकाबले में ईगल फाइटर्स ने कॉन्सेप्ट एडवाइजर को आठ विकेट से पराजित किया। कॉन्सेप्ट एडवाइजर की ओर से दिए गए 134 रन के लक्ष्य को ईगल फाइटर्स ने 12.4 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर हासिल किया। टीम की जीत में जमाल काजिम ने नाबाद 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
दूसरे मुकाबले में अवध वॉरियर्स ने मजेस्टिक आर्यन को चार विकेट से हराया। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अवध वॉरियर्स ने 19.3 ओवर में छह विकेट खोकर जीत दर्ज की। टीम की ओर से नरेश यादव ने 54 और शुभम साहनी ने 39 रन बनाए। गेंदबाजी में विकास सिंह ने तीन विकेट लेकर टीम को अहम योगदान दिया।
तीसरे और अंतिम मुकाबले में राइजिंग फोनिक्स ने टीटीसी लखनऊ को 103 रन के बड़े अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग फोनिक्स ने 209 रन बनाए। जवाब में टीटीसी लखनऊ 15.3 ओवर में 106 रन पर ढेर हो गई। राइजिंग फोनिक्स की ओर से जयदीप ने 49 और प्रशांत सिंह ने 21 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में कृपांशु प्रताप ने तीन विकेट चटकाए।
इन जीतों के साथ ईगल फाइटर्स, अवध वॉरियर्स और राइजिंग फोनिक्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
