गंभीर मरीजों को मिलेगा बेहतर लाभः RSM में तैयार हो रहा आईसीयू वार्ड, होंगे 10 बेड वेंटिलेटर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : राम सागर मिश्रा संयुक्त अस्पताल (आरएसएम) में आईसीयू वार्ड तैयार हो रहा है। इसमें करीब 10 बेड वेंटिलेटरयुक्त रहेंगे। आईसीयू वार्ड शुरू होने से गंभीर मरीजों को जल्द और बेहतर इलाज मिल सकेगा। सबसे अधिक राहत लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई और बाराबंकी व आसपास के मरीजों को मिलेगी। आईसीयू का संचालन लोहिया संस्थान के विशेषज्ञों की देखरेख में चलाने की तैयारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि शासन से बजट मिलने पर इस माह के अंत तक आईसीयू में मरीजों को भर्ती करके इलाज दिया जा सके।

बीकेटी के साढ़ामऊ स्थित आरएसएम संयुक्त अस्पताल में इस समय 13 से 1400 मरीजों की ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। इमरजेंसी में भी रोजाना करीब 90 से 100 मरीज पहुंच रहे हैं। बालरोग, हड्डी, सर्जरी, पैथालॉजी, स्त्री रोग समेत कई विभागों का संचालन किया जा रहा है। अस्पताल में 150 से अधिक बेड पर मरीजों की भर्ती की प्रक्रिया होती है। सीतापुर हाइवे पर अस्पताल होने की वजह से सड़क हादसों में जख्मी होने वाले गंभीर मरीजों को सबसे पहले आरएसएम की इमरजेंसी में ही ले जाया जाता है। कई मरीजों को आईसीयू, वेंटिलेटर बेड की जरुरत होती है। अस्पताल में वेंटिलेटर वाले मरीजों को अभी केजीएमयू, लोहिया समेत दूसरे चिकित्सा संस्थान में रेफर कर दिया जाता है।

स्वास्थ्य विभाग लखनऊ मंडल के अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि आईसीयू वार्ड तैयार किया जा रहा है। वेंटिलेटर बेड आदि की व्यवस्था की जा रही है। आईसीयू संचालन समेत अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए आरएसएम के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। वह अपनी टीम के साथ मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए लगातार अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ा रहे हैं। शासन और विभाग के आला अफसरों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। शासन से बजट भी जल्द मिलते ही उम्मीद है कि जनवरी में आईसीयू वार्ड को शुरू किया जा सके। आईसीयू संचालन में लोहिया संस्थान से सहयोग लिया जाएगा।

 

संबंधित समाचार