Bareilly : भारत के फाइनल में पहुंचते ही होली संग मनाई दिवाली

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सांसें रोक देने वाले सेमी फाइनल मुकाबला देखने को लोगों में रहा जबरदस्त क्रेज

बरेली, अमृत विचार। विश्व कप टी-20 में भारत और इंग्लैंड के बीच वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए सांसें रोक देने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के जीत हासिल करते ही शहर में जोरदार आतिशबाजी हुई। भारतीय टीम के फाइनल में पहुंचते ही लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर जमकर बधाई दी। अबीर भी लगाया और गुलाल उड़ाकर जमकर थिरके।

टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमी फाइनल में भारत के 253 के चुनौतीपूर्ण स्कोर के जवाब में जब इंग्लैंड ने आतिशी बल्लेबाजी शुरू की तब लोगों की सांसें रुक गईं। इंग्लैंड की पारी 15वें ओवर तक पहुंचते भारतीय टीम के प्रशंसक निराश होने लगे थे। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने विकेट निकाल कर मैच भारत की झोली में लाकर डाल दिया और टीम इंडिया के प्रशंसक झूम उठे। भारत की जीत तय होते ही शहर के प्रमुख चौराहों कुतुबखाना और नोवेल्टी पर युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में तिरंगा लिए क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते नजर आए। सिविल लाइंस, डीडीपुरम और अन्य इलाकों में आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला। कई स्थानों पर युवाओं ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। कोहाड़ापीर और बारादरी क्षेत्र में भी लोगों ने बड़े उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। शहर में कई जगह पर भारतीय टीम के फाइनल में गुलाल उड़ाते हुए जमकर जश्न मनाया। खूब थिरके और गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी। टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले को लेकर शहरवासियों का उत्साह बढ़ गया है।

संबंधित समाचार