कार्यकर्ताओं की गर्मजोशी 2027 की जीत का शंखनाद... बोले पंकज चौधरी- 2017 से अधिक सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी भाजपा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/वाराणसी, अमृत विचार: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वाराणसी में प्रथम आगमन पर स्वागत से अभिभूत पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी विजय का शंखनाद है। कहा कि भाजपा 2017 से अधिक सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी।

वाराणसी के रोहनिया स्थित गोकुल धाम रिसोर्ट में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद पूरे यात्रा मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जिस गर्मजोशी से स्वागत किया, वह संगठन की मजबूती और एकजुटता को दर्शाता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय मंत्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रेरणा बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि योगी सरकार ने कभी बीमारू कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें साधारण कार्यकर्ता से लेकर केंद्र सरकार में मंत्री और अब प्रदेश अध्यक्ष बनने तक अवसर दिए, जो भाजपा की कार्यकर्ता संस्कृति का प्रमाण है।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य सहित काशी क्षेत्र के सभी जिलों के पदाधिकारी, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार