बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने के लिए शिक्षामंत्री से मिलेंगे सांसद छत्रपाल गंगवार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली कॉलेज के प्राचार्य और प्रोफेसरों ने सौंपा प्रस्ताव, स्वयंसेवकों को दिए गए प्रमाण पत्र

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बुधवार को प्राचार्य और प्रोफेसरों ने सांसद छत्रपाल गंगवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का प्रस्ताव सौंपा। सांसद ने आश्वस्त किया कि वह जल्द ही इस संबंध में शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात करेंगे। 

बरेली कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छात्र इकाई-प्रथम, के एक दिवसीय शिविर एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का हुआ। मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार रहे। मुख्य वक्ता शशांक भाटिया और कार्यक्रम अध्यक्षता प्राचार्य  प्रो. ओपी राय ने की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव यादव और चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे की उपस्थिति रहे। 

मुख्य वक्ता शशांक भाटिया ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल धन अर्जित करना ही नहीं है बल्कि शिक्षा द्वारा संस्कार अर्जित कर समाज की सेवा में प्रतिभाग करना है। सेवा न केवल व्यक्ति की ही करनी चाहिए बल्कि पशु- पक्षियों के प्रति भी सेवा भाव रखना चाहिए। 
मुख्य अतिथि व सासंद बरेली छत्रपाल गंगवार ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना एक प्रमाण पत्र का नाम नहीं है। यह छात्रों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास भी करती है। उन्होंने कहा कि आज मैं सांसद हूं परंतु अपने छात्र जीवन में, मैं भी राष्ट्रीय सेवा योजना का स्वयंसेवक रहा हूं। मेरे अंदर भी समाज सेवा का भाव कहीं ना कहीं राष्ट्रीय सेवा योजना से ही जागृत हुआ है। उन्होने कहा कि स्वयंसेवक गोद ली हुई सेवा बस्ती के लोगों के सुख-दुख में सहभागिता करें। वह उनके पर्वों जैसे होली, दिवाली, पारिवारिक विवाह समारोह इत्यादि में भी पहुंचकर सहयोग करें। जिससे छात्र समाज सेवा से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ सकेंगे और आगामी जीवन में बड़े अधिकारी बनने पर भी उनके अंतर-मन में सेवा भाव निहित रहेगा।

कार्यक्रम अध्यक्ष व बरेली कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना, बरेली कॉलेज के रचनात्मक कार्यों का एक दर्पण है। महाविद्यालय में पंजीकृत 600 के करीब राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, स्वयं सेविकाएं लगातार रचनात्मक कार्यों में सम्मिलित रहते हैं। महाविद्यालय ऐसे सभी स्वयंसेवकों के उज्जवल भविष्य की कामना करता है।
उद्बोधन के उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई-प्रथम में सत्र- 2023-2025 में 240 घंटे की सेवा पूर्ण कर चुके सभी स्वयंसेवकों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई-प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव यादव, प्राचार्य प्रो. ओपी रायॅ के अलावा मौजूद समस्त वरिष्ठ प्रोफेसर, छात्र- छात्राओं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सांसद बरेली व मुख्य वक्ता को 189 वर्ष पुराने बरेली कॉलेज, बरेली का चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट करते हुए आग्रह किया कि वह बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने के लिए भारतीय संसद में में प्रभावी पैरवी करें। समाज के गणमान्य लोग भी इस ओर प्रयास करें।

संबंधित समाचार