Bareilly : जिला उद्योग बंधु की बैठक...उद्यमियों को समस्याओं पर फिर मिला पुराना जवाब
बरेली, अमृत विचार। जिला उद्योग बंधु की बैठक में बुधवार को भी उद्यमियों के सवालों पर उन्हें वही जवाब मिले, जो पिछले तीन बैठकों में मिलते आ रहे हैं। सीबीगंज, परसाखेड़ा, रिछा समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली न आने, उखड़ी सड़क, सफाई न हाेने, खराब स्ट्रीट लाइटें, अंडर ग्राउंड केबिल न बिछाए जाने के मुद्दे कई बैठकों से उठते आ रहे हैं। कई उद्यमियों ने एडीएम सिटी सौरभ दुबे के समक्ष फिर इन मामलों को रखा।
एडीएम सिटी ने नगर निगम, बिजली व पीडब्ल्यूडी, यूपीसीडा आदि विभागों से मुद्दों के संबंध में प्रगति जानी। विभागों के अफसरों ने रटा-रटाया जवाब दिया कि टेंडर करा रहे हैं, बजट नहीं मिला है, फायर ब्रिगेड सब स्टेशन के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। फिलहाल, एडीएम सिटी ने विभागीय अफसरों को अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार दोपहर बाद हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में राइस मिलर्स एसोसिएशन की ओर से कई सड़कों के निर्माण का उठाया गया मुद्दा फिर उठा। अटामांडा शाही मार्ग के शीघ्र टेंडर होने की बात कही गयी। रिछा में फायर स्टेशन निर्माण की मांग पर भूमि अभी तक उपलब्ध न हाेने की बात सामने आई, इस पर एडीएम सिटी ने तहसीलदार को कॉल कर भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रिछा-भोजीपुरा क्षेत्र में एक फायर स्टेशन के निर्माण पर दाेनों ब्लॉकों की सीमा पर भूमि उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बिथरी चैनपुर, क्यारा में भी फायर स्टेशन के लिए भूमि की तलाश बतायी गयी। सेंट्रल यूपी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष की ओर से पिछली बैठक में उठाए ग्राम रसुइया लिंक रोड (सॉलिड वेस्ट प्लांट वाली रोड को सथरापुर लिंक रोड से जोड़ने वाली सड़क) के निर्माण पर चर्चा हुई। भोजीपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने दोहना टोल प्लाजा पर जाम की समस्या का मुद्दा उठाया।
रिछा में विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का मामला उठाया। इसमें विद्युत वितरण खंड बहेड़ी के अभियंता ने बताया कि रिछा औद्योगिक पोषक द्वितीय की शेष एक किमी लाइन के सुदृढ़ीकरण का कार्य बिजनेस प्लान 2026-27 से प्रस्तावित कर लिया है। बिजनेस प्लान स्वीकृत होने व वित्तीय अनुमोदन प्राप्त होने पर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
सीबीगंज औद्योगिक आस्थान के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने आस्थान की 90 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें खराब हाेने और अंडरग्राउंड केबिल न बिछाए जाने का मुद्दा उठाया। इस मुद्दे को वह कई बार उठा चुके हैं। नगर निगम के मौजूद अधिकारी ने कह दिया कि यह आस्थान नगर निगम के अधिकार में नहीं है, यूपीसीडा देखता है। इस पर उन्हें राजेश गुप्ता ने बताया कि यह औद्योगिक आस्थान नगर निगम के अधिकार में ही है।
यूपीसीडा के अधिकार में परसाखेड़ा औद्योगिक आस्थान है। इस पर निगम के अधिकारी ने कहा कि यहां की स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने व केबिल बिछाने के संबंध में उच्चाधिकारियों से चर्चा करेंगे। आईआईए के चैप्टर चेयरमैन मयूर धीरवानी ने मथुरापुर के ग्राम बंडिया में सड़कों एवं नालियों के टूटने का मुद्द़ा उठाया। फरीदपुर औद्याेगिक आस्थान के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने कई मामले उठाए।
