गृहकर वसूली में ढिलाई पर सात जोनल अधिकारियों का वेतन रोका, नगर आयुक्त ने 18 कर निरीक्षकों पर भी की कार्रवाई
लखनऊ, अमृत विचार : अहमदाबाद दौरे से लौटने के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार गुरुवार को एक्शन में दिखे। गृहकर वसूली में लापरवाही पर सात जोनल अधिकारियों और 18 कर निरीक्षकों का वेतन रोक दिया है। नगर आयुक्त ने यह कार्रवाई गुरुवार को गृहकर वसूली की ऑनलाइन समीक्षा बैठक के बाद की। बैठक में कई कर निरीक्षक देरी से जुड़े और फील्ड में एक्टिव नहीं मिले। नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इन्हें नोटिस जारी करने के साथ वेतन रोकने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बैठक में कहा कि प्रतिदिन लगभग 1 करोड़ रुपए सभी जोन गृहकर वसूली कर रहे हैं। इसे बढ़ाकर प्रतिदिन 2 करोड़ रुपए किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में 3 महीने शेष हैं। नगर निगम ने पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 62 करोड़ रुपए ज्यादा टैक्स वसूली की है। लेकिन यह पिछले साल से 100 करोड़ रुपये से अधिक रहना चाहिए।
इन कर निरीक्षकों का वेतन रोका
जोन 1 भोला नाथ, राजेन्द्र कुमार, जोन 2 पूजा शुक्ला, सुमन यादव, जोन 3 मोहन्जिब, जोन 4 ओम प्रकाश, राजेश कुमार पाण्डेय, सनी कुमार श्रीवास्तव, जोन 5 रूचि यादव, जोन 6 धर्मेन्द्र देव, मो. इसरार, रिंका पटेल, संगीता गुप्ता, जोन 7 धनन्जय विश्वकर्मा, हरि शंकर पाण्डेय, जोन 8 अनुज गौड़, अवनीश कुमार, हर्षेन्द्र प्रताप सिंह, सतीश यादव।
इन जोनल अधिकारियों का वेतन रोका
जोनल अधिकारी जोन 1 ओम प्रकाश सिंह, जोन 2 संजय यादव, जोन 3 आकाश कुमार, जोन 5 विनीत कुमार सिंह, जोन 6 अमरजीत यादव, जोन 7 रामेश्वर प्रसाद और जोनल अधिकारी जोन 8 विकास कुमार सिंह।
