बाराबंकी में रफ्तार का कहर : सड़क हादसों में तीन की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। जैदपुर थाना क्षेत्र के कस्बा जैदपुर मोहल्ला नानपजान में गुरुवार को दूध डेरी के टैंकर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हनीफ का भांजा फहद पुत्र अहमद अली निवासी ढकना पुरवा, जिला कानपुर तीन दिन पहले मामा के घर आया था। गुरुवार को स्कूटी से मोहल्ला वसी नगर घूमने के दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार होने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल किशुनपुर निवासी पिंटू उर्फ रामप्रताप (48) की लखनऊ के लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार देर शाम शव गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
बताया गया कि पिंटू रामनगर-फतेहपुर मार्ग से घर लौट रहे थे, तभी गांव की ओर मुड़ते समय सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में भैंसुरिया निवासी मोहम्मद आजाद (30) भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में चल रहा है।
पिंटू परिवार के एकमात्र सहारा थे, उनकी मौत से गांव में शोक व्याप्त है। वहीं कुर्सी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा टिकैतगंज स्थित लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में बड्डूपुर क्षेत्र के बुढ़ाना गांव निवासी मिनहाज (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघटेर भेजा, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
