बाराबंकी : प्रवीण तोगड़िया बोले- मंदिर निर्माण के बाद अब ‘सबसे आगे हिंदू’ अभियान शुरू
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने गुरुवार को नगर में आयोजित कार्यकर्ताओं की विशाल सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण के बाद अब 'सबसे आगे हिंदू' नाम से नई राष्ट्रव्यापी मुहिम शुरू करने की घोषणा की। जोशीले नारों के बीच उन्होंने गांवों और मोहल्लों में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को साप्ताहिक हनुमान चालीसा केंद्र शुरू करने का संकल्प भी कार्यकर्ताओं को दिलाया।
डॉ. तोगड़िया ने राम नाम को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए कहा कि हर हिंदू घर को सुखी, समृद्ध, सुरक्षित, रोजगारयुक्त, रोगमुक्त और महिला-सुरक्षित ओमश्री परिवार बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि किसानों को दया, दान या कर्ज नहीं, बल्कि उनकी फसल का उचित मूल्य चाहिए।
इसके लिए राष्ट्रीय किसान परिषद के माध्यम से सड़क पर उतरने का आह्वान किया। घटती हिंदू जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब हिंदू घटा है, वह कटा और लूटा गया है, इसलिए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनना आवश्यक है। गरीब हिंदुओं को भुखमरी से बचाने के लिए उन्होंने हर घर से एक मुट्ठी अनाज हनुमान चालीसा केंद्र पर दान करने की अपील की। डॉ. तोगड़िया ने हिंदू हेल्पलाइन के साथ-साथ राष्ट्रीय किसान परिषद, छात्र परिषद और महिला परिषद ‘ओजस्विनी’ से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 'सबसे आगे हिंदू' का अर्थ सस्ती शिक्षा, रोजगार, फसल का उचित मूल्य और रोगमुक्त हिंदू है। देश में करीब 40 करोड़ लोग विभिन्न बीमारियों से जूझ रहे हैं और इलाज के कारण परिवार कर्ज में डूब रहे हैं। ऐसे में उचित खानपान और जीवनशैली अपनाकर हिंदू घरों को रोगमुक्त बनाने की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के जिला कार्य अध्यक्ष जयशंकर चट्टान सिंह और जिला महामंत्री शुभम सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक माल्यार्पण कर डॉ. तोगड़िया को कृपाण भेंट की। इस अवसर पर सभासद संतोष मिश्रा दीपू, किसान नेता दद्दन सिंह, रामनाथ सोनी, संजय सोनी, राज किशोर यादव, धनीराम गुप्ता, रमेश शर्मा, सत्यम जोशी, आयुष, नवीन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
