सपा विधायक विजय सिंह गोंड पंचतत्व में विलीन, DM-SP समेत कइयों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनभद्र/लखनऊ। सोनभद्र जिले में विधान सभा क्षेत्र दुद्धी के दिवंगत विधायक विजय सिंह गोंड़ की अंत्येष्टि गमगीन माहौल के बीच शुक्रवार को गोंडीय आदिवासी परंपरा के अनुसार दी गई। उक्त परंपरा में शव को दफनाने का रिवाज है। लंबी बीमारी के बाद विधायक विजय सिंह गोंड़ ने एसजीपीजी आई लखनऊ में गुरुवार को अंतिम सांस ली थी। गोंड का पार्थिव शरीर गुरुवार को देर रात उनके दुद्धी स्थित आवास पर पहुंचा जहां भारी संख्या में लोग मौजूद थे। 

आदिवासी नेता का शव शुक्रवार को उनके आवास पर आमजनता के दर्शनार्थ रखा गया जहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी तथा आमजनता के साथ ही जिलाधिकारी बी एन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित किया। दिवंगत नेता को प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ आनर भी पेश किया गया।

प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड भी दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि विजय सिंह गोंड ने पूरे जीवन आदिवासियों और जल, जंगल, जमीन की लड़ाई लड़ी। इनके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम, एससी एसटी आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार आदि सहित विभिन्न राजनैतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित किया। 

विजय सिंह गोंड़ के शव को उनके पैतृक गांव कटौली, दुद्धी में गोंडीय आदिवासी रीतिरिवाज से दफनाया गया जहाँ भारी संख्या में उपस्थित जनता ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके पूर्व गुरुवार को देर रात विधायक विजय सिंह गोंड़ का पार्थिव शरीर सोनभद्र स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पहुंचा जहां बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे सभी ने जुझारू आदिवासी नेता के अंतिम दर्शन किए एवं श्रद्धांजलि अर्पित किया। 

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालो में केवल सपा के लोग नहीं थे बल्कि अन्य पार्टियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन करने के साथ ही उनके पक्ष में जोरदार नारेबाजी भी कीया। देर रात ही पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास दुद्धी स्थित ग्राम कटौली के लिए रवाना कर दिया गया।  

संबंधित समाचार