बेकाबू स्कार्पियो ने स्कूटी में मारी टक्कर, वाॅलीबॉल खिलाड़ी और युवती की दर्दनाक मौत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, सरोजनीनगर, अमृत विचार: बंथरा स्थित बनी-मोहान रोड पर शनिवार शाम बेकाबू स्कार्पियो ने एक स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार वॉलीबॉल खिलाड़ी और युवती कुछ मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्कार्पियो सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कार्पियो काे कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी चालक की तलाश शुरु कर दी है।

लतीफ नगर बंथरा निवासी अवधेश त्रिवेदी ब्रेड का व्यवसाय करते हैं। उनका बेटा अर्पित त्रिवेदी (24) वॉलीबॉल खिलाड़ी था। साथ ही वह सैनिक स्कूल में स्पोर्ट्स की ट्रेनिंग देता था। उसकी मित्र सहिजनपुर निवासी काजल रावत (21) बंथरा के रामगढ़ी स्थित अमेजॉन वेयरहाउस में नौकरी करती थी। शनिवार शाम को काजल की बस छूट गयी थी। इसपर उसने स्कूटी सवार अर्पित से लिफ्ट मांगी थी। शाम करीब 7 बजे स्कूटी से बनी-मोहान रोड होते हुए कटी बगिया जा रहे थे।

वेयरहाउस से करीब 500 मीटर पहले कटी बगिया की ओर से आ रही बेकाबू स्कार्पियो ने सामने से स्कूटी में जोरदार ठोकर मार दी। स्कॉर्पियो की ठोकर लगने से दोनों उछल कर काफी दूर तक घिसटते हुए चले गए। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर लहराई और फिर टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसके बाद उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अर्पित और काजल को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर पहुंचे एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है। स्थानीय लोगों की माने तो स्कार्पियो चालक काफी नशे में था। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई कर रही है। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

फरवरी में होनी थी अर्पित की शादी, पसरा मातम

अर्पित की मौत की सूचना घर पहुंची तो मातम छा गया। परिवार में मां और दो बड़े भाई अंकित और अनूप हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटा होने के चलते अर्पित परिवार का लाडला भी। परिजन ने बताया कि अर्पित की शादी फरवरी में तय थी, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया। वहीं, मृतका काजल रावत के पिता शिव शंकर किसान हैं। परिवार में पिता के अलावा मां कांति देवी, बहन संध्या, वैष्णवी और छोटा भाई आरुष हैं।

संबंधित समाचार