रिटायर्ड लेखपाल के घर पर 12 नकाबपोश बदमाशों का हमला, परिवार को बंधक बनाकर लूटे लाखों के जेवर-नकदी
सीतापुर, तालगांव, अमृत विचार। तालगांव कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। करीब एक दर्जन असलहाधारी बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त लेखपाल के घर पर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।
हथियारों के बल पर बनाया बंधक घटना रात करीब बारह बजे की है। पीड़ित कपड़ा व्यापारी व रिटायर्ड लेखपाल अमर सिंह वर्मा अपने दो सगे भाई बंटी वर्मा और पुष्कर वर्मा के परिवार सहित घर पर था। बदमाशों ने देर रात असलहों के बल पर धावा बोला। फिर परिवार को बंधक बना लिया। घंटों तक घर को खंगालने के बाद बदमाश अलमारियों में रखी नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे एसपी, जांच तेज वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, सीओ ब्रजेश कुमार और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं। मामले के खुलासे के लिए एसओजी और पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार किया जाएगा।
