यूपी दिवस खास: सजेगी हर न्याय पंचायत में ‘शिक्षा चौपाल’, स्कूली बच्चे पढ़ेगें अख़बार...लिखेंगे लेख और देंगे भाषण
लखनऊ, अमृत विचार : यूपी दिवस के अवसर पर 24 जनवरी 2026 को प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में एक साथ ‘शिक्षा चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से बच्चों की बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं को सुदृढ़ करना है। यह जानकारी देते हुए स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने बताया कि सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को बालवाटिका के प्रभावी संचालन, बच्चों के नामांकन व नियमित उपस्थिति, और शिक्षा के दीर्घकालिक महत्व को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, विद्यालयों में उपलब्ध प्रिंट-रिच सामग्री, गणित किट, क्रियाशील पुस्तकालय, खेल सामग्री और डिजिटल संसाधनों (स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, दीक्षा, खान अकादमी, टीचर्स ऐप) की जानकारी साझा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, विद्यालयों और मेधावी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक न्याय पंचायत के लिए 10 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
छात्र-छात्राएं पढ़ेंगे अखबार, लिखेंगे लेख और देंगे भाषण
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी विद्यालयों में बच्चे समाचार पत्र पढ़ेंगे और समाचार पत्रों पर आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को समाचार पत्र के महत्व और इनके पढ़ने से होने वाले लाभ बताए जाएंगे। बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अखबार पढ़ना अनिवार्य करने के बाद उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 23, 24 और 26 जनवरी को विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बच्चे समाचार पत्रों पर आधारित लेख, संक्षिप्त प्रस्तुति और भाषण तैयार करेंगे। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप ज्ञानवर्धक पुस्तकें दी जाएंगी।
उत्तर प्रदेश की स्थापना संयुक्त प्रांत से 24 जनवरी 1950 को हुई थी। इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने और प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक व विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2018 से यूपी दिवस मनाया जा रहा है। इस बार आयोजन ''विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत'' विषय पर किया जा रहा है। तीन दिन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी।
कल मनाई जाएंगी नेताजी की जयंती
प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम के प्रथम दिन 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती मनाई जाएगी। इस दिन नेताजी के जीवन, उनके योगदान और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विषयों पर वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत होगा कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर मुख्य थीम ''विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत'' रहेगी। इस दिन छात्रों के लिए प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विचार अभिव्यक्ति की प्रतियोगिताएं होंगी। साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ''माई इंडिया, माई वोट'' पर भी गतिविधियां कराई जाएंगी। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूलों में झंडारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
ये भी पढ़ें :
योगी सरकार ने ग्रामीण आजीविका में बनाया रिकॉर्ड, 23 लाख से अधिक महिलाओं को मिला रोजगार
