UP की 14 'लखपति दीदियों' को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, विशिष्ट अतिथि के रूप गणतंत्र दिवस परेड में होंगी शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की 14 'लखपति दीदियों' को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'नारी शक्ति' आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। गांव की बेटियां और बहुएं 'लखपति दीदी' बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था को भी सशक्त कर रही हैं। यह सम्मान प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

केशव मौर्य ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए चयनित 14 लखपति दीदियों को 23 जनवरी को उनके कैंप कार्यालय, 7 कालिदास मार्ग, लखनऊ से दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा, ठहराव और वापसी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने खेती, डेयरी, ई-रिक्शा संचालन, कैफे, मसाला निर्माण, सौंदर्य प्रसाधन, गो-आधारित उत्पाद और लघु उद्योगों के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की निदेशक श्रीमती दीप रंजन के अनुसार चयनित लखपति दीदियों में गोरखपुर की मन्शा देवी और राजकुमारी देवी, झांसी की प्रवेश कुमारी, बिजनौर की रितु देवी और सुमन देवी, कौशाम्बी की सरिता देवी, अलीगढ़ की ऋतु शर्मा, चित्रकूट की निर्मला देवी, इटावा की मन्त्रवती शाक्य और विजेता गोयल, सम्भल की अनुपमा सिंह और मोनिका, रायबरेली की गुड़िया देवी तथा देवरिया की आशा शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री ने सभी चयनित लखपति दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का जीवंत उदाहरण है। 

संबंधित समाचार