Budaun : माहौल बिगाड़ने का प्रयास, चेयरमैन समेत नौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
गुरुवार शाम चादर लेकर लगाए मजहबी नारे, माहौल बिगाड़ने का किया था प्रयास
ओरछी, अमृत विचार। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा में बिल्सी, रामपुर, हल्द्वानी के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। वह चादर लेकर हिंदू बस्ती में जुलूस के साथ गुजरे। लोगों ने विरोध किया तो हंगामा हुआ था। पुलिस की सक्रियता से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास विफल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जुलूस निकाल रहे लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने फैजगंज बेहटा नगर पंचायत के चेयरमैन समेत 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है।
गुरुवार शाम लगभग साढे़ सात बजे मुस्लिम समाज के लोग कस्बा फैजगंज बेहटा की हिंदू बस्ती वार्ड सात में घुसे। कुछ लोग चादर पकडे़ थे। मजहबी नारे लगा रहे थे। ढोल ताशे बज रहे थे। वह लोग बाहरी लग रहे थे। लोगों को उनपर शंका हुई। मोहल्ले के लोगों ने जुलूस निकालने पर आपत्ति जताई तो वह लोग झगड़ा करने पर आमादा हो गए थे। दोनों पक्षों में नोकझोंक होती रही। सूचना मिलने पर पुलिस बल कस्बा में पहुंचा। जुलूस निकल रहे लोगों से अनुमति पत्र मांगा। जो वह लोग नहीं दिखा सके। जिसके चलते पुलिस सभी को पकड़कर थाने ले गई। फैजगंज बेहटा के वार्ड चार निवासी आशीष तिवारी पुत्र महेंद्र पाल, शुभम पाराशरी, राजीव कुमार शर्मा, हिमांशु सक्सेना, रौकी, राजेंद्र कश्यप, संतोष कश्यप, फूल सिंह मौर्य, दिनेश कश्यप, राजीव पुत्र राम बिहारी ने शिकायत पत्र दिया। आशीष तिवारी ने तहरीर देकर नगर पंचायत चेयरमैन शह पर जुलूस निकाले जाने का आरोप लगाया। कस्बा में शांतिभंग होने की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने फैजगंज बेहटा के चेयरमैन इसरार, कस्बा के वार्ड सात निवासी आशमी व उनके पति गुलशेर पुत्र जुम्मा, गांव विलासपुर के मोहल्ला खिरी मियां निवासी मोहम्मद यासीन पुत्र धुमी, बिल्सी नगर के मोहल्ला चार निवासी हमसुद्दीन पुत्र कल्लू, रामपुर के कस्बा स्वार के मोहल्ला रसूलपुर निवासी उस्मान पुत्र मोहम्मद हसमत, निजाम अहमद पुत्र नवी अहमद, बिल्सी क्षेत्र के गांव दुधौनी निवासी चमन पुत्र कमरुद्दीन और हल्द्वानी के आजाद नगर के वार्ड 24 निवासी मोहम्मद अबरार शाह पुत्र छोटे शाह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सात लोग पुलिस की हिरासत में हैं।
पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चादर के साथ फैजगंज बेहटा में जुलूस निकाल रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि एक स्थानीय महिला ने अपने बच्चे के स्वस्थ्य होने की मन्नत मांगी थी। जिसके अंतर्गत उसने कुछ बाहरी लोगों को बुला लिया था। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी देहात।
