बाराबंकी : वार्डन ने साथियों संग छात्र को जमकर पीटा, छात्रों ने किया जमकर हंगामा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। डॉ. केएनएस मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (मेयो) में शुक्रवार सुबह चीफ वार्डन ने अन्य सहयोगियों संग मिलकर इंटर्नशिप कर रहे छात्र की निर्मम पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो वायरल होने पर बड़ी संख्या में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया, आरोपी वार्डन को हटाए जाने की बात कहकर मामला शांत कराया गया लेकिन लिखित में कार्रवाई की मांग को लेकर फिर धरने पर बैठे छात्र गए।

जानकारी के अनुसार यह घटना लखनऊ मार्ग पर सफेदाबाद में स्थित डॉ. केएनएस मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज परिसर में शुक्रवार सुबह हुई। एमबीबीएस करने के बाद इंटर्नशिप कर रहा छात्र हास्टल के मुख्य द्वार पर पानी न आने की शिकायत लेकर पहुंचा, उससे वहां मौजूद रजिस्टर पर एंट्री करने को कहा गया। इसी बात को लेकर बहस हुई और कुछ ही पलों के बाद चीफ वार्डन रोहित सिंह ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और लोहे की राड व डंडे से छात्र की पिटाई कर दी। 

इस दौरान मौजूद रहे छात्र छात्राओं के अनुसार, छात्र को कॉलेज परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य छात्रों के साथ भी अभद्रता करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ परिसर में ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।

cats

छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। शिकायत करने पर छात्रों को प्रताड़ित किया जाता है। हंगामे की सूचना पर एसडीएम आनंद तिवारी, सीओ संगम कुमार, कोतवाल सुधीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए और बातचीत की। 

दबाव बढ़ने पर कालेज की चेयरपर्सन मधुलिका सिंह ने आरोपी वार्डन को हटाने की बात कहकर मामला शांत कराया। हालांकि कुछ ही देर बाद परिसर में छात्रों का फिर से जमावड़ा हुआ और वह आरोपियों के खिलाफ लिखित रूप में कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। एसडीएम, सीओ फिर कालेज पहुंचे और इन्हे समझाया बुझाया।

क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद छात्र कार्रवाई की मांग कर रहे थे, आरोपी वार्डन को हटा दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

संबंधित समाचार