कौशांबी में भीषण हादसा : ट्रक की टक्कर से पिकअप के उड़े परखच्चे, 8 तीर्थयात्रियों की मौत
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार को श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक पिकअप वाहन के राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रेलर ट्रक से टकरा जाने के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के सैनी थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब प्रयागराज से फतेहपुर की ओर लौट रहा पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गया।
अधिकारी ने बताया कि घटना के समय पिकअप वाहन में महिलाओं और बच्चों सहित लगभग दो दर्जन श्रद्धालु सवार थे। पुलिस के अपर महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज ज्योति नारायण ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि बचाव अभियान जारी है और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। इस दुर्घटना के संबंध में अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।
हादसे पर सीएम योगी दुखी, आर्थिक सहायता की घोषणा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशाम्बी में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन से घटना की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
