Bareilly : सड़कों को खोदकर छोड़ दिया, ठोकरें खा रहे लोग
दो माह पहले सिकलापुर गली में डाली गई थी सीवर और पानी की लाइन
बरेली, अमृत विचार। शहर के वार्ड 6 नवादा शेखान स्थित मौर्य मंदिर के पास सिकलापुर गली में सीवर और पानी की लाइन डालने के बाद सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। अभी तक सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया गया है। बारिश के बाद से सड़कों पर फिसल बढ़ गई है। आवाजाही में लोगों को परेशानी हो रही है, मगर नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर निगम की ओर से दो माह पहले मोहल्ले में सीवर और पानी की लाइन डाली गई थी। लाइन बिछाने के बाद गली की सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया गया। सड़क उखड़ी हुई हाल में छोड़ दी गई। कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क बनी और न ही नाली की कोई व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले हुई बारिश में पूरी गली पानी से भर गई। जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहा। राहगीरों और मोहल्ले के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि पानी भरने से फिसलन बढ़ गई और बच्चों व बुजुर्गों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
सीवर व पानी की लाइन डालने के बाद कोई देखने नहीं आया। बारिश में पूरी गली तालाब बन गई। आवाजाही में लोगों को परेशानी हो रही है। -बनवारी लाला, सिकलापुर गली।
नाली न होने से घरों का पानी गली में भर रहा है, जिससे लोगों को निकलने में दिक्कत हो रही है, मगर जिम्मेदारों को इससे कोई सरोकार नहीं। -शालिनी, सिकलापुर गली।
पाइप लाइन डालने के बाद सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया। मोहल्ले के लोग परेशानी झेल रहे हैं, मगर कोई सुनने वाला नहीं है। - नन्ही देवी, सिकलापुर गली।
सड़क और नाली बनाने के लिए कई बार निगम के अफसरों से कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। -पीतम, सिकलापुर गली।
उक्त गली का टेंडर हो गया है। विधायक निधि से सड़क और नाली का काम शीघ्र आरम्भ होगा। -छंगामल मौर्य पार्षद वार्ड 06।
