Bareilly: बीपीसीएल डिपो में सुरक्षा होगी कड़ी, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ेगी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। आंवला स्थित बीपीसीएल डिपो में जबरन एक व्यक्ति के घुसने की घटना से कंपनी अधिकारी टेंशन में हैं। शुक्रवार को कंपनी अफसरों ने डीएम अविनाश सिंह को बैठक के दौरान पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने ऑयल कम्पनी के डिपो में सुरक्षा कड़ी करने के साथ निगरानी को सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की घटना के संबंध में तहसील स्थित अधिकारियों से त्वरित संपर्क करें। साथ ही जनपद स्तर पर भी सूचना भेजें। जिससे घटनाक्रम के संबंध में त्वरित कार्यवाही की जा सके। डीएम ने ऑयल कंपनी के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि डिपो पर तहसील स्तरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर नोटिस बोर्ड पर दर्ज कराएं, जिससे आपात स्थिति में अधिकारियों को सूचना दी जा सके। डीएम ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। 

डीएम ने एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, डीएसओ मनीष कुमार सिंह को निर्देश दिए कि वह जनपद में स्थापित ऑयल व गैस कंपनियों के डिपो का निरीक्षण करें। संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी व पुलिस विभाग के क्षेत्राधिकारी को भी निरीक्षण के समय साथ रखें और निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराएं।

जनपद में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल व सीएनजी का स्टॉक भरपूर मात्रा में उपलब्ध
डीएम अविनाश सिंह ने ऑयल कम्पनी व प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक कर जिले में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की उपलब्धता की समीक्षा की। ऑयल कंपनी के अफसरों ने बैठक में बताया कि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल व सीएनजी का स्टॉक भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। अभी ईंधन की कोई समस्या नहीं है। डीएम ने निर्देशित किया की ईंधन की पर्याप्त उपल्बधता के बारे में प्रचार प्रसार कराएं, ताकि लोगों में किसी प्रकार का भय उत्पन्न न हो। बैठक में एचपीसी के रीजनल मैनेजर देवानन्द, एचपीसी एलपीजी के चीफ रीजनल मैनेजर पंकज अंबलढगे, बीपीसीएल के टैराटरी मैनेजर शंकर शम्भु, बीपीसीएल के प्लांट मैनेजर स्वापन मांझी, आपूर्ति लिपिक आशीष कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार