कानपुर : आत्महत्या से पूर्व मृतक परचून दुकानदार द्वारा लगाये गये आरोपों की जांच करेगी कानपुर पुलिस, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस पिछले दिनो परचून दुकानदार द्वारा आत्महत्या किये जाने से पहले धर्मांतरण और नशे से संबंधित लगाये गये आरोपों की जांच करेगी। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शुक्रवार को कहा कि पनकी क्षेत्र में धर्म परिवर्तन से संबंधित प्रकरण संज्ञान में आया है। इस मामले में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है। 

प्रकरण में मृतक की पहचान रोहित उर्फ दीपक (23) के रूप में हुई है। मृतक बारहवीं पास था, वर्तमान में पारचून की दुकान चलाता था तथा पूर्व में ऑटो रिक्शा चालक के रूप में कार्य कर चुका था। उन्होने बताया कि 26 जनवरी को मृतक अपनी बहन से मिलने लखनऊ गया था, जो वहां पॉलिटेक्निक में अध्ययनरत है। 

परिजनों का आरोप है कि जब मृतक ट्रेन से यात्रा कर रहा था, उसी दौरान चारबाग रेलवे स्टेशन, लखनऊ पर चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसे अपने साथ ले जाकर धर्म परिवर्तन के लिये दबाव बनाया गया तथा उसके साथ मारपीट भी की गई। मृतक के कानपुर लौटने के पश्चात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 

आत्महत्या से पूर्व मृतक द्वारा स्वयं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। परिजनों द्वारा मृतक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उस समय पुलिस को सूचना नहीं दी गई। बाद में जब शव वापस लाया गया तो प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। 

इसी दौरान एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर , जिसमें मृतक को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया गया था, से परिजनों को काफी कष्ट हुआ है। इसके विरोध स्वरूप परिजनों द्वारा जाम लगाया गया तथा मुआवजे की मांग भी की गई। पुलिस आयुक्त ने बताया कि वायरल वीडियो एवं परिजनों, विशेषकर मृतक की बहन द्वारा भी कुछ आरोप लगाए गए है। 

मृतक का वायरल वीडियो जिसमें कहता है कि गांजा बिक रहा हैं जो पूरे देश को बर्बाद कर देगा, की वजह से धर्म परिवर्तन हो रहा है और मेरे पर दबाव दिया जा रहा था धर्म परिवर्तन कराने के लिए।वीडियो में मृतक महिलाओं की इज्जत करने की और नशे से दूर रहने की भी बात करता है। 

प्रकरण की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए मृतक द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दो टीमें गठित की गई हैं , जो चारबाग रेलवे स्टेशन एवं संबंधित स्थानों पर जाकर जांच-पड़ताल कर रही हैं। जांच के उपरांत जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार