RCB vs DC WPL 2026 Final : जेमिमा का अर्धशतक, दिल्ली ने बेंगलुरु को दिया 204 रन का लक्ष्य
वडोदरा। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की अगुआई में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में बृहस्पतिवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ चार विकेट पर 203 रन बनाए। जेमिमा ने 37 गेंद में आठ चौकों से 57 रन की पारी खेली जबकि लॉरा वौल्वार्ट (44 रन, 25 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) और चिनेल हेनरी (नाबाद 35, 15 गेंद, चार चौके, दो छक्के) ने चौथे विकेट के लिए 24 गेंद में 55 रन की तूफानी साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जेमिमा ने वोल्वार्ट के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 76 रन जोड़े। दिल्ली की टीम चार सत्र में चौथी बार फाइनल में खेलते हुए पहली बार खिताब जीतने की कोशिश कर रही है जबकि पूर्व चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम की नजरें दूसरे खिताब पर हैं। बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद लिजेल ली (37) और शेफाली वर्मा (20) ने दिल्ली कैपिटल्स को सधी हुई शुरुआत दिलाई।
शेफाली ने लॉरेन बेल पर पारी का पहला चौका मारा जबकि लिजेल ने सयाली सतघरे पर लगातार दो छक्के जड़े। शेफाली ने अरुंधति रेड्डी पर दो चौके मारे लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठीं। दिल्ली ने पावर प्ले में एक विकेट 53 रन बनाए। लॉरा वोल्वार्ट ने आते ही अरुंधति पर चौका जड़ा जबकि लिजेल ने श्रेयंका पाटिल का स्वागत लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ किया।
नेदिन डि क्लर्क ने लिजेल को ग्रेस हैरिस के हाथों कैच कराके रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ी सफलता दिलाई। लिजेल ने 30 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और इतने ही चौके मारे। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स और वोल्वार्ट ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। जेमिमा ने डि क्लर्क पर दो चौके जड़ने के बाद श्रेयंका पर तीन चौके मारे। दिल्ली के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ।
जेमिमा ने डि क्लर्क की गेंद पर एक रन के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जिसमें सात चौके शामिल रहे। जेमिमा ने सतघरे पर भी चौका जड़ा लेकिन इसके बाद उनकी फुलटॉस गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर डि क्लर्क के हाथों में खेल गई। चिनेल हेनरी ने 19वें ओवर में डि क्लर्क पर चार चौकों और एक छक्के से 24 रन बटोरे और फिर सतघरे पर भी छक्का मारे। वोल्वार्ट पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट हुईं।
