शर्मनाक : मैनपुरी में एकतरफा प्यार में 12वीं के छात्र ने शिक्षिका पर किया हमला, काटे दोनों होंठ

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एकतरफा प्यार की सनक में 12वीं के एक छात्र द्वारा अपनी शिक्षिका पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी छात्र ने सुनसान रास्ते में शिक्षिका को रोककर धारदार हथियार से हमला किया और उनके दोनों होंठ काट दिए। 

गंभीर रूप से घायल शिक्षिका का पहले सैफई अस्पताल में उपचार हुआ, बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया गया है कि अखंड प्रताप सिंह नामक छात्र अपनी ही स्कूल की शिक्षिका से छेड़छाड़ करता था। 

इस संबंध में 'पेरेंट्स-टीचर मीटिंग' (पीटीएम) के दौरान छात्र की मां से शिकायत भी की गई थी। उस समय परिवार की ओर से सुधार का आश्वासन दिया गया, लेकिन छात्र की हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। परेशान होकर शिक्षिका ने स्कूल छोड़ दिया और ज्योति रोड स्थित दूसरे विद्यालय में पढ़ाने लगीं।

 इसके बावजूद आरोपी छात्र ने उनका पीछा करना नहीं छोड़ा। वह नए स्कूल के रास्ते में भी शिक्षिका को रोककर परेशान करने लगा और कथित तौर पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। विरोध करने पर 26 जनवरी को उसने शिक्षिका को रास्ते में रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। 

कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि शिक्षिका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। घटना की सूचना बाद में पुलिस को दी गई, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। 

संबंधित समाचार