गोरखपुर : पुल के नीचे निर्वस्त्र अवस्था में मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका, इलाके में हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस ने एक पुल के नीचे निर्वस्त्र अवस्था में एक महिला का शव बरामद किया। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की हत्या कहीं और की गई तथा बाद में शव को बैरघट्टा पुल के नीचे फेंक दिया गया। 

अधिकारी ने बताया, "ऐसा प्रतीत होता है कि महिला का सिर ईंट से कुचला गया था और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के कई निशान पाए गए हैं।" सुबह सैर पर निकले लोगों ने शव देखा, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। श्वान दस्ते को भी मौके पर लगाया गया, जिसने घटनास्थल से बैरघट्टा गांव की ओर करीब 200 मीटर तक तलाश की, लेकिन फिर वापस लौट आया। 

पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करण नैयर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास घसीटने के निशान मिलने से यह संदेह और पुख्ता हुआ है कि शव को किसी अन्य स्थान से लाया गया था। मामले की जांच जारी है।  

संबंधित समाचार