बाराबंकी : वीडियो कॉल पर पति से बात करने के बाद नवविवाहिता ने दी जीन, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सुबेहा थाना क्षेत्र के लालू का पुरवा मजरे जमीन हुसैनाबाद गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी कल्लू रावत के पुत्र सूरज का विवाह नौ माह पूर्व चौधरी पुरवा गांव निवासी सहजराम रावत की पुत्री संगीता के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही सूरज रोज़गार के सिलसिले में अहमदाबाद (गुजरात) चला गया था, जबकि नवविवाहिता संगीता ससुराल में अपनी सास व ननद के साथ रह रही थी।

शनिवार शाम अहमदाबाद में रह रहे पति सूरज और संगीता के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर संगीता नाराज हो गई। इसी दौरान वह घर की दूसरी मंजिल पर पहुंची और टीनशेड में लगी लोहे की पाइप में साड़ी का फंदा बनाकर झूल गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय वीडियो कॉल पर पति अपनी पत्नी को ऐसा न करने के लिए लगातार रोकता और चिल्लाता रहा, लेकिन वह बेबस होकर अपनी पत्नी की मौत को ऑनलाइन देखता रह गया। घटना के तुरंत बाद सूरज ने फोन पर अपनी मां को पूरी जानकारी दी। जब सास दूसरी मंजिल पर पहुंची तो बहू को फांसी के फंदे से झूलता देख वह चीख पड़ी।

परिजनों ने आनन-फानन में संगीता को फांसी से उतारकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे सीएचसी बाजार शुक्ल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी।

सूचना पर पहुंची बाजार शुक्ल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अमेठी भेज दिया। इधर, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सुबेहा थाना पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार