Union Budget 2026 : राजनाथ सिंह बोले- मजबूत सुरक्षा की मंशा को दर्शाता है ऑपरेशन सिंदूर के बाद आया बजट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने केंद्रीय बजट को देश की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त करने वाला और विकसित भारत की दिशा में निर्णायक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट जन-भावनाओं और जन-आकांक्षाओं पर खरा उतरता है। 

रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्ट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को सशक्त आधार प्रदान करता है। समाज के सभी वर्गों के उत्थान को ध्यान में रखते हुए इसमें संतुलित और दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के लिए 7.85 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत से अधिक है। इसके साथ ही इस बार भी केंद्रीय बजट का सबसे बड़ा हिस्सा रक्षा मंत्रालय को मिला है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के बाद आया यह बजट देश की रक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के संकल्प को दृढ़ करता है।

रक्षा मंत्री के अनुसार, सशस्त्र सेनाओं के कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए 2.19 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य तीनों सेनाओं का आधुनिकीकरण है, जिसके लिए इस वर्ष 1.85 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है, जिससे देश की सैन्य क्षमता और अधिक सशक्त होगी।

उन्होंने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवार के कल्याण को लेकर बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है। एक्स-सर्विसमैन कंटिन्यूटी हेल्थ स्कीम के अंतर्गत लगभग 45 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए 12,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के संतुलन को मजबूत करने वाला है और आने वाले वर्षों में भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।  

संबंधित समाचार