प्रयागराज : भाभी की हत्या कर शव कुएं में फेंका, देवर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के बलिकरनपुर गांव में विवाहिता सीमा देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के देवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर गांव के एक कुएं में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने नामजद आरोपी प्रदीप कुमार (22) को रविवार देर शाम जोगियाशेखपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। 29 जनवरी को सीमा देवी के अचानक लापता होने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी दौरान गांव के एक कुएं से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस ने तलाशी ली तो प्लास्टिक की बोरी में बंधा सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सीमा देवी के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि प्रदीप कुमार ने अपने साथी पप्पू मुसहर उर्फ रामसजीवन के साथ मिलकर हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया। मृतका की मां शांति देवी की तहरीर पर 30 जनवरी को थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
