विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगे लाखों...कराया टॉयलेट साफ, विरोध करने पर पिटाई और कमरे में किया बंद
बाराबंकी, अमृत विचार। विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से लगभग डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। यही नहीं पीड़ित को सऊदी अरब में बंदी बनाकर उससे शौचालय साफ कराया गया। रिश्तेदार की मदद से वतन लौटे पीड़ित की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला नूरवाफ के निवासी साजिद 25 पुत्र मोहम्मद अहमद ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में उसकी मुलाकात एक होटल पर मोहम्मद फरीद उर्फ फरीदुद्दीन नामक व्यक्ति से हुई थी। फरीद ने खुद को विदेशों में नौकरी दिलाने वाला एजेंट बताते हुए सऊदी में वेटर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। वीजा, टिकट व कागजात के नाम पर आरोपी ने करीब 1,49,800 रुपये ले लिए।
बाद में बताया गया कि वेटर की जगह माल लादने–उतारने का काम मिलेगा। 12 नवंबर 2025 को साजिद सऊदी अरब पहुंच गया, जहां एयरपोर्ट से उसे एक व्यक्ति अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां उससे माल ढुलाई के बजाय शौचालय साफ करने को कहा गया।
मना करने पर उसे एक मकान में बंद कर कई दिनों तक भूखा रखा और बेरहमी से पीटा। किसी तरह जान रिश्तेदार की मदद से वह 4 दिसंबर को भारत लौट सका। आने के बाद जब उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
