अंदर चल रही थी परीक्षा... नगर निगम ने गेट पर लगाया ताला, नवयुग डिग्री कॉलेज हुआ सील
करीब 24 लाख रुपये हाउस टैक्स है बकाया
लखनऊ, अमृत विचार : शहर के नवयुग डिग्री कॉलेज में सुबह छात्राएं परीक्षा दे रही थीं और शिक्षिकाएं ड्यूटी पर थीं। इस दौरान नगर निगम जोन-2 की टीम ने गृहकर बकाया होने के चलते कॉलेज के गेट पर ताला लगाकर सील कर दिया। कई छात्राएं गेट पर ताला देखकर परेशान हो गईं। नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि, कॉलेज प्रशासन के फोन करने पर कुछ देर बाद ताला खोल दिया गया।
जोनल अधिकारी संजय यादव ने बताया कि नवयुग डिग्री कॉलेज पर करीब 24 लाख रुपये गृहकर बकाया है। इसके चलते वह (जोनल अधिकारी) राजस्व निरीक्षकों के साथ सुबह करीब 7 बजे कॉलेज पहुंचे थे। चूंकि कई बार नोटिस के बाद भी कॉलेज प्रबंधन ने धनराशि जमा नहीं कराई, इसलिए कॉलेज सील कर दिया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि बकाया गृहकर पर कॉलेज प्रबंधन की आपत्ति पर सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डिग्री कॉलेज भारतीय जनता पार्टी के एक नेता का बताया जा रहा है।
