Bareilly : इज्जतनगर और बरेली जंक्शन पर मिलेगा एयरपोर्ट जैसा अनुभव

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। रेल बजट में उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल के लिए मंजूर की गई परियोजनाओं के बारे में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से जानकारी दी। बरेली रेलवे स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग के लिए 49 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके साथ प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों को विकसित करने का कार्य चल रहा है। इन स्टेशनों पर एयरपोर्ट जैसा अनुभव मिलेगा। इन स्टेशनों में बरेली और इज्जत नगर रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।

केंद्र सरकार के बजट जारी करने के बाद सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से जानकारी दी। इसमें इज्जतनगर और मुरादाबाद मंडल की डीआरएम समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल 20,012 करोड़ का आवंटन किया गया है। कुल 92,056 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। इस विशाल निवेश में पूरे राज्य में ट्रैक निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा सुधार शामिल हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 157 स्टेशनों को पूर्ण पुनर्विकास के लिए चिन्हित किया गया है। इसमें बरेली जंक्शन, इज्जतनगर स्टेशन भी शामिल हैं। बरेली जंक्शन पर ट्रेनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यार्ड री-मॉडलिंग की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। नए रेल बजट में इसके लिए 49 करोड़ की राशि आवंटित की गई है।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने बजट को लेकर मुरादाबाद मंडल में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने बताया कि इज्जतनगर मंडल के तहत आने वाले कई स्टेशनों को ''''अमृत भारत स्टेशन योजना'''' के तहत विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। इन स्टेशनों पर अब यात्रियों को केवल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि एयरपोर्ट जैसा अनुभव मिलेगा। इज्जतनगर स्टेशन मंडल मुख्यालय है, यहां भव्य ''एग्जीक्यूटिव लाउंज'' और बड़े पार्किंग क्षेत्र का निर्माण हो रहा है ताकि वीआईपी और आम यात्रियों को सुगम आवाजाही मिल सके।

 

संबंधित समाचार