कानपुर में अवैध प्लाटिंग पर गरजा केडीए का बुलडोजर, 11 बीघा पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के प्रवर्तन दस्ते ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 बीघा क्षेत्रफल में ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की। यह अभियान उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और  सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। 

कटरी ख्यौरा क्षेत्र में महादेव तेजा, हरिश्चंद्र, सुरेन्द्र पाल मेहरोत्रा व अन्य द्वारा लगभग 8 बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों से विकसित की गई सड़कों, नालों, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभों, पिलर, एंट्री गेट एवं अन्य निर्माण को पूर्ण रूप से ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर क्षेत्रीय अवर अभियंता, सुपरवाइजर और थाना बिठूर का पुलिस बल मौजूद रहा। 

इसी क्रम में सण्डीला, मन्धना स्थित आनंदेश्वर धाम सोसाइटी की लगभग तीन बीघा भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा 28(क) के अंतर्गत सील किया गया। यह कार्रवाई बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के निर्माण किए जाने पर की गई। 

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि थाना नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर क्षेत्र के गांवों में लगभग 15 बीघा अवैध निर्माण व प्लाटिंग को चिन्हित किया जा चुका है, जिन पर शीघ्र ही सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। 

संबंधित समाचार