सहारनपुर काष्ठ उद्योग में जश्न, टैरिफ में कटौती से उद्यमियों ने जताया आभार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सहारनपुर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने के निर्णय को यहां के काष्ठ कला उद्योग के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। उद्यमियों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कूटनीतिक प्रयासों से मिली इस सफलता ने निर्यात क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है। 

फैसले के बाद सहारनपुर के काष्ठ कला कारोबारियों और कारीगरों ने दीपावली जैसा उत्सव मनाते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। करीब सात से आठ हजार करोड़ रुपये वार्षिक कारोबार वाले सहारनपुर के विश्वविख्यात काष्ठ हस्तशिल्प उद्योग पर पिछले आठ-नौ महीनों से संकट के बादल मंडरा रहे थे। 

अमेरिका द्वारा टैरिफ 50 प्रतिशत किए जाने के बाद निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई निर्यातक आर्थिक दबाव में आ गए। उद्योग से जुड़े लाखों कारीगरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। उद्यमियों का कहना है कि अमेरिका भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार है और उसकी मांग में गिरावट का सीधा असर स्थानीय उद्योग पर पड़ा। 

सहारनपुर की प्रमुख निर्यातक फर्मों के प्रतिनिधियों ने कहा कि टैरिफ में कटौती से कारोबार को नई गति मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा की स्थिति मजबूत होगी। उनका मानना है कि अमेरिका के साथ व्यापारिक संबंधों में सुधार से यूरोपीय बाजार में भी दबाव कम होगा। 

कारीगरों ने इसे उद्योग के पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में निर्यात फिर से रफ्तार पकड़ेगा और हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। 

ये भी पढ़ें :
नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से फिर बिगड़ेगा मौसम, पहाड़ों पर बर्फ़बारी... दिल्ली-NCR में घना कोहरा, यूपी के जिलों में बारिश का अलर्ट

संबंधित समाचार