अखबार बेचने वाला बन गया इंटरनेशनल यूथ आइकॉन... अमन कुमार की प्रेरक यात्रा, 84 लाख युवाओं को दी करियर की नई उड़ान
कांवड़ यात्रा ऐप से चुनावी जागरूकता तक, प्रशासन के साथ मिलकर बनाए जनहित के समाधान
लखनऊ, अमृत विचार: कभी साइकिल पर अख़बार बेचकर घर का खर्च चलाने वाला उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव ट्यौढी का अमन कुमार आज राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन कर रहा है। बाल मजदूरी और गरीबी की कठिन परिस्थितियों से निकलकर अमन ने संघर्ष, संकल्प और नवाचार के बल पर खुद को इंटरनेशनल यूथ आइकॉन के रूप में स्थापित किया है। वह कहते हैं कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की युवा-केंद्रित नीतियों और डिजिटल पहलों ने उन्हें आगे बढ़ने का भरोसा दिया।
अमन कुमार आज यूपी सरकार के युवा कल्याण विभाग से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। अवसरों के अभाव में पले-बढ़े अमन ने तय किया कि कोई भी होनहार युवा केवल जानकारी न होने की वजह से पीछे न रहे। इसी सोच के साथ 12वीं के बाद उन्होंने एक व्हाट्सऐप ग्रुप शुरू किया, जो आगे चलकर वेबसाइट प्रोजेक्ट ‘कॉन्टेस्ट 360’ बना। एक क्लिक पर शिक्षा, स्कॉलरशिप, करियर और सरकारी अवसरों की जानकारी देने वाली इस वेबसाइट का अब तक 84 लाख से अधिक युवा उपयोग कर चुके हैं।
डिजिटल समाधान के क्षेत्र में अमन की पहल यहीं नहीं रुकी। वर्ष 2022 में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा ऐप विकसित किया। यात्रा मार्ग, चिकित्सा सहायता, शिविर, आपात संपर्क और प्रशासनिक सहयोग जैसी सुविधाओं से युक्त इस ऐप को साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस्तेमाल किया। इसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने स्वीप बागपत ऐप बनाकर भारत निर्वाचन आयोग से जुड़ी जानकारियां सवा लाख मतदाताओं तक पहुंचाईं।
डीएम के मार्गदर्शन में बनाया सूचना एप
बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल के मार्गदर्शन में अमन ने सूचना विभाग के सहयोग से सूचना सेतु ऐप तैयार किया, जिससे आम नागरिक एक क्लिक पर अधिकारियों और सरकारी योजनाओं से जुड़ सके। इसके अलावा बागपत फॉर एनिमल्स ऐप और ग्राम पंचायत फैजपुर निनाना की वेबसाइट बनाकर डिजिटल पंचायत की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। अब वह प्रदेशभर के युवाओं को नवाचार और तकनीक से जोड़ने की तैयारी में हैं। अमन के कार्यों को राष्ट्रीय पहचान तब मिली जब उन्हें स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वह यूनेस्को की विभिन्न वैश्विक युवा पहलों, यूनिसेफ नेशनल यूथ एंबेसडर कार्यक्रम और कई अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हैं। वर्ष 2026 के विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में अमन ने नरेंद्र मोदी के समक्ष टीम यूपी के ग्रुप कैप्टन के रूप में युवाओं का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ भी काम किया है। वर्ष 2025 में उन्हें आई वॉलंटियर अवॉर्ड, इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर और यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवॉर्ड सहित कई सम्मान मिले। अमन कुमार की कहानी बताती है कि सही नेतृत्व, अवसर और संकल्प मिल जाए तो साधारण परिस्थितियों से निकला युवा भी असाधारण मुकाम हासिल कर सकता है।
