बाराबंकी : विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति व सास पर आरोप
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति और सास पर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार इटावा जनपद भरथना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुंवरा निवासी विजय सिंह ने कोतवाली पुलिस को बताया कि बहन रीमा से 14 वर्ष पूर्व शादी के बाद पति सुरेन्द्र सिंह उर्फ पिंटू वर्तमान में पटेल ग्राउंड के सामने भिटरिया कस्बा में रह रहा था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति सुरेन्द्र सिंह और उसकी मां पुष्पा देवी द्वारा रीमा को अनपढ़ और गंवार कहकर अपमानित किया जाता था तथा बच्चों की अनुपस्थिति में उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। कुछ समय पूर्व पति ने मकान निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी, जिसे पूरा नहीं किया जा सका।
बताया गया कि 24 जनवरी को रीमा अपने मायके इटावा आई, जहां आरोपी भी पहुंच गया। रीमा ने अपने भाई और परिजनों को पति की हरकतों की जानकारी दी, जिससे आरोपी नाराज हो गया। बाद में माफी मांगने पर रीमा ससुराल लौट गई, जहां उत्पीड़न और तेज हो गया।
भाई का कहना है कि 2 फरवरी को रीमा ने फोन पर आशंका जताई थी कि उसका पति उसे मार सकता है और वह पुलिस में शिकायत करने वाली है। इसके कुछ समय बाद संपर्क टूट गया। थोड़ी देर बाद परिवार को रीमा की मौत की सूचना दी गई। मृतका के भाई विजय सिंह ने पति सुरेन्द्र सिंह उर्फ पिंटू और उसकी मां को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
