Bareilly : दुकानों में लगी आग, पहली मंजिल पर फंसा व्यापारी का परिवार
बरेली, अमृत विचार। व्यापारी की तीन दुकानों में भयंकर आग लग गई। ऊपरी मंजिल पर रह रहा व्यापारी और उसका परिवार फंस गया। गांव वालों ने जब दुकानों से धुंआ निकलता देखा तो व्यापारी को जगाया। उसके बाद किसी तरह से सीढ़ी लगाकर व्यापारी और उसके परिवार को सुरक्षित नीचे उतारा गया। बचाव कार्य में गांव के दो लोगों को भी हल्की चोटें आईं। वहीं आग से करीब दो करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सूचना पाकर भी दमकल डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला निवासी शुभम माहेश्वरी उर्फ बॉबी का सड़क किनारे मकान है। मकान में ग्राउंड फ्लोर पर तीन दुकानें हैं। इनमें वह मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर और खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। ग्रामीणों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनकी दुकानों से धुआं निकलता देखा तो शुभम माहेश्वरी को सूचना दी गई। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने पड़ोसी के मकान पर सीढ़ी लगाकर शुभम और उनके परिवार को बाहर निकाला।
उन्होंने नीचे आकर किसी तरह दुकानों के शटर खोले। ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास करने के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची। इनमें एक में पानी तक नहीं था। किसी तरह से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। व्यापारी ने तीन दुकानों में आग से दो करोड़ के नुकसान की आशंका जताई है। घटना के बाद कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर व्यापारी को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
