प्रखर त्रिपाठी बने यूपी स्टेट रैपिड चैंपियन, ब्लिट्ज में गोपाल कृष्णा रहे अव्वल
लखनऊ, अमृत विचार: चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। वाराणसी के कैंडिडेट मास्टर प्रखर त्रिपाठी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूपी स्टेट रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के नौवें और अंतिम चक्र में पहले बोर्ड पर खेलते हुए प्रखर त्रिपाठी ने प्रयागराज के हसनैन सिद्दीकी को पराजित किया। इस जीत के साथ प्रखर ने कुल 8.5 अंक अर्जित कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। दूसरे बोर्ड पर आगरा के ईशान लावण्या ने शिवाय सिंह को हराकर आठ अंक प्राप्त किए, जबकि तीसरे बोर्ड पर आगरा के ही आदर्श सारस्वत ने जीत दर्ज कर अपने अंक आठ तक पहुंचाए। बेहतर टाई-ब्रेक के आधार पर ईशान लावण्या को दूसरा और आदर्श सारस्वत को तीसरा स्थान मिला। सात-सात अंक अर्जित करने वाले हसनैन सिद्दीकी और हर्षित अमरनानी चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।
उधर, यूपी स्टेट ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में कांटे की टक्कर देखने को मिली। मेरठ के गोपाल कृष्णा, शाहजहांपुर के आयुष सक्सेना और आगरा के ईशान लावण्या ने समान रूप से आठ-आठ अंक हासिल किए। टाई-ब्रेक के आधार पर गोपाल कृष्णा को विजेता घोषित किया गया, जबकि आयुष सक्सेना उपविजेता और ईशान लावण्या तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
