Bareilly : छात्रों को बताए कैंसर के लक्षण और बचाव के तरीके

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट ने अमृत विचार के सहयोग से दो दिन में छह विद्यालयों के छह सौ बच्चों को किया जागरूक

बरेली, अमृत विचार। रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट ने अमृत विचार के सहयोग से विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दो दिवसीय कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन जीके सिटी मोंटेसरी स्कूल, जय नारायण सरस्वती स्कूल और नालंदा पब्लिक स्कूल में हुए कार्यक्रम में रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ अरोड़ा ने विद्यार्थियों को कैंसर के संबंध में ए टू जेड तक जागरूक किया। कैंसर के लक्षण, उपचार और बचाव के साथ ही इससे बचाव रखने के लिए जीवनशैली कैसी रखनी चाहिए, किस तरह का खानपान रखना चाहिए आदि बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। जागरूकता कार्यक्रम में दो दिन में शहर के छह स्कूलों के करीब छह सौ बच्चों को कैंसर के प्रति जागरूक किया।

कैंसर जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत पहले सत्र में सुबह करीब 11.15 बजे से जीके सिटी मोंटेसरी स्कूल में कार्यक्रम कराया गया। डॉ. सिद्धार्थ अरोड़ा ने छात्र-छात्राओं को कैंसर के लक्षण, बचाव के संबंध में विस्तार से बताया। छात्र-छात्राओं ने कैंसर को लेकर कई सवाल किए, जिस पर डॉ. सिद्धार्थ अरोड़ा ने बच्चों की मन की शंकाओं को दूर किया। बच्चों को जीवनशैली बेहतर रखने और खानपान पर ध्यान देने पर जोर दिया। स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र शर्मा ने कहा कि बच्चों को कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करते रहना चाहिए, ताकि बच्चे अपने परिवार, समाज को जागरूक कर सकें। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करने में सहयोगी बनते हैं। कैंसर से डरना नहीं चाहिए। सही समय पर इलाज से कैंसर से मरीज को बचाया जा सकता है।

285

वहीं, दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे जय नारायण सरस्वती स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया। डॉ. सिद्धार्थ अरोड़ा ने बच्चों को कैंसर के शुरुआती लक्षण, उनकी पहचान सहित कई कारणों से होने वाले विभिन्न कैंसर के प्रति जागरूक किया। कैंसर से स्वयं को बचाने के लिए जीवनशैली में किस तरह से बदलाव करने की जरूरत है, उसकी जानकारी से बच्चों को रूबरू कराया। शरीर फिट रखने और मोटापा कम करने के लिए एक्सरसाइज करने पर जोर दिया। बच्चों ने बताया कि हम लोगों को बहुत अच्छी जानकारी दी गयी। कैंसर के प्रति सभी स्कूलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित हाेने चाहिए, समाज में जितनी जागरूकता आएगी, उतना ही ज्यादा लोग कैंसर से अपना बचाव रख सकेंगे।

286

तीसरे सत्र में दोपहर करीब 2.15 बजे नालंदा पब्लिक स्कूल में आयोजित किए गए कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. सिद्धार्थ अरोड़ा ने बच्चों को विभिन्न कैंसर के प्रति जागरूक किया। बच्चों से कहा कि कैंसर लाइलाज नहीं है, आधुनिक उपचार से कैंसर को मात दी जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रही। वहीं, बुधवार को सोब्तीज पब्लिक स्कूल, केशलता इंटरनेशनल स्कूल, नारायणा ई-टेक्नो स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।

संबंधित समाचार