नेटफ्लिक्स फिल्म 'घूसखोर पंडत' के निर्देशक के खिलाफ लखनऊ में दर्ज हुई FIR, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लखनऊ पुलिस ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रचारित आगामी फिल्म 'घूसखोर पंडत' के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ थाना हजरतगंज में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार फिल्म के शीर्षक और प्रचारित कंटेंट को प्रथम दृष्टया आपत्तिजनक पाया गया है।
आरोप है कि फिल्म के नाम एवं संवादों के माध्यम से एक समुदाय विशेष की धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को आहत करने तथा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया है। थाना हजरतगंज के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक फिल्म के शीर्षक और प्रचार सामग्री को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों में आक्रोश व्याप्त है तथा विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि फिल्म का प्रचार-प्रसार सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर पंजीकृत कर ली गई है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
