Agra News : HR प्रबंधक हत्याकांड पर NCW ने DGP को समयबद्ध जांच के दिए निर्देश
नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश पुलिस को आगरा में एक मानव संसाधन (एचआर) प्रबंधक की हत्या के मामले की समयबद्ध जांच का निर्देश दिया। महिला एचआर प्रबंधक के शव के टुकड़े-टुकड़े कर शहर में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए गए थे। एनसीडब्ल्यू ने मिंकी शर्मा की हत्या के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है और इस संबंध में पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
एक बयान के अनुसार, एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को लिखे पत्र में इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की है। एनसीडब्ल्यू ने कहा, ''राष्ट्रीय महिला आयोग ने आगरा में 32-वर्षीय महिला की बेहद भयावह और क्रूर हत्या का स्वतः संज्ञान लिया है। अत्यंत क्रूर हिंसा और शव के टुकड़े कर देना.... यह बर्बर हत्या निंदनीय है तथा महिला के जीवन, गरिमा और सुरक्षा के अधिकार का गंभीर उल्लंघन है।'' आयोग ने कहा कि वह इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करता है।
इसने कहा, ''इस संदर्भ में आयोग की अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर आरोपी के खिलाफ सख्त और समयबद्ध जांच, कठोर कार्रवाई तथा पीड़िता के परिवार को पूरी मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।'' एनसीडब्ल्यू ने बताया कि संबंधित अधिकारियों से पांच दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मांगी गई है। मिंकी शर्मा आगरा की एक निजी कंपनी में एचआर प्रबंधक थीं और उसी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत विनय सिंह के साथ कथित तौर पर उनके रिश्ते थे।
पुलिस के अनुसार, सिंह, मिंकी शर्मा से शादी करना चाहता था, लेकिन मिंकी ने मना कर दिया, जिससे उनके बीच विवाद पैदा हो गया। आरोप के अनुसार, सिंह ने चाकू से बार-बार मिंकी पर हमला किया और उसकी गर्दन पर जानलेवा वार किया। इसके बाद उसने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए तथा उन्हें प्लास्टिक की थैलियों में भर दिया। सिंह ने कटा हुआ सिर नहर में फेंक दिया और शरीर के बाकी हिस्से को एक पुल पर छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 238 (अपराध के सबूत मिटाना या अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू और स्कूटर बरामद कर लिया गया है।
