अतीक अहमद के पूर्व करीबी जैद खालिद समेत 12 को भू-माफिया घोषित करने की तैयारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स ने माफिया अतीक अहमद के पूर्व करीबी रहे जैद खालिद समेत 12 लोगों को भू-माफिया घोषित करने की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजी है। प्रस्ताव पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 30 जनवरी को एसडीएम सदर की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक में राजस्व ग्राम रसूलपुर मरियाडीह, रसूलपुर काशीपुर उपरहार, पोंगहट पुल तालुका बमरौली, ग्यासुद्दीनपुर उपरहार सहित अन्य क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी भूमि पर अवैध कब्जे तथा निर्धारित हिस्से से अधिक भूमि के अवैध विक्रय के मामलों की समीक्षा की गई।
टास्क फोर्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज है और आरोप आपराधिक श्रेणी के हैं। सूची में शामिल जैद खालिद (निवासी अल्का बिहार कॉलोनी, बमरौली) तथा उसके भाई जसीम का नाम भी संस्तुत व्यक्तियों में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि जैद खालिद का नाम पूर्व में भी विभिन्न मामलों में सामने आता रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि टास्क फोर्स की संस्तुति अनुमोदन के लिए लंबित है और शीघ्र ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। अनुमोदन के उपरांत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
