Bareilly : कन्हैया गुलाटी और राजेश मौर्या की खुली हिस्ट्रीशीट, मुनाफे का लालच देकर निवेशकों को लगाया है चूना

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। कई राज्यों में निवेश कराकर मोटा मुनाफा देने का लालच दिखाकर 800 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोपी कन्हैया गुलाटी की हिस्ट्रीशीट पुलिस ने खोली है। कन्हैया गुलाटी के खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। उधर एक अन्य जालसाज राजेश मौर्य की भी पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली हैं। राजेश के खिलाफ भी जिले के अलग-अलग थानों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी ने लोगों को निवेश से मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर कंपनी में पैसा लगवाया। कुछ समय तक निवेशकों को निवेश की गई धनराशि के आधार पर रकम दी गई, लेकिन बाद में पैसा देना बंद कर दिया। कैनविज कंपनी के कारिंदों ने जमीनों में निवेश कराने के नाम पर भी लोगों से भारी भरकम धनराशि लेकर हड़प ली। शिकायतों की बाढ़ आने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने कन्हैया गुलाटी के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। पुलिस अब तक सौ से अधिक मामले दर्ज कर चुकी है। कन्हैया गुलाटी की हिस्ट्रीशीट को लेकर भी एसएसपी अनुराग आर्य ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय से पत्रावली तलब की थी। एसएसपी ने शुक्रवार की रात कन्हैया गुलाटी की बी क्लास की हिस्ट्रीशीट खोली है।

राजेश मौर्य पर भी पुलिस ने कसा शिकंजा
शहरवासियों को तीन सौ करोड़ रुपये का चूना लगाने के आरोपी श्री गंगा इंफ्रासिटी के निदेशक राजेश मौर्य पर भी 30 से अधिक ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। छह साल पहले श्री गंगा इंफ्रासिटी के निदेशक राजेश मौर्य ने शहरवासियों को जमीन में निवेश करने पर मोटा मुनाफा होने का झांसा देकर तीन सौ करोड़ रुपये की ठगी की थी। जब कंपनी के पास करोड़ों रुपये जमा हो गए तो राजेश अचानक लापता हो गया था। बारादरी पुलिस उसे गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी थी, लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गया था। इसके बाद मई 2025 में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसे फिर से जेल भेजा था। कन्हैया गुलाटी के साथ राजेश मौर्य की भी बी क्लास हिस्ट्रीशीट खोली गयी है।

संबंधित समाचार