महापौर सुषमा खर्कवाल ने चीफ इंजीनियर को लगाई फटकार, नगर निगम मुख्यालय के नवीन भवन निर्माण में बाधा पेट्रोल पंप हटाने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : गोमती नगर में नगर निगम वर्कशॉप (आरआर) स्थित निर्माणाधीन नगर निगम मुख्यालय के नवीन भवन के कार्यों का शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में अवरोध बना पेट्रोल पंप स्थानांतरित न होने पर चीफ इंजीनियर आरआर मनोज प्रभात को कड़ी फटकार लगाई। नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ कार्यों की प्रगति जानी।

महापौर से कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने शिकायत की थी कि नवीन भवन का निर्माण पेट्रोल पंप और वर्कशॉप के स्थानांतरण में देरी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इसे गंभीरता से लेकर उन्होंने निरीक्षण किया। संबंधित से स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम की वर्कशॉप और उससे जुड़े पेट्रोल पंप को स्थानांतरित करने के निर्देश डेढ़ वर्ष पहले दिए थे। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। जब समय रहते निर्णय ले लिया गया था फिर क्रियान्वयन में इतनी लापरवाही क्यों बरती गई।

इसके अलावा जब 16 जुलाई 2024 को नगर विकास मंत्री एके शर्मा द्वारा भूमि पूजन किया गया था और उसी समय पेट्रोल पंप को हटाने के निर्देश दिए गए थे। तत्कालीन नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने भी कई बार पंप हटाने के निर्देश दिए थे। फिर भी पंप नहीं हटाया गया। इससे निर्माण कार्य प्रभावित है। नवीन मुख्यालय भवन महत्वपूर्ण परियोजना है। चीफ इंजीनियर को फटकार लगाते हुए पेट्रोल पंप हटाने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि आगे लापरवाही दोहराई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

सदन और कार्यकारिणी द्वारा प्रस्ताव भी हुआ था पारित

महापौर ने बताया कि इस संबंध में सदन और कार्यकारिणी द्वारा प्रस्ताव पारित किया जा चुका था। इतना ही नहीं चीफ इंजीनियर आरआर को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जब तक नई जगह पर पेट्रोल टंकी की स्थापना नहीं हो जाती, तब तक डीजल और अन्य ईंधन की व्यवस्था किसी अन्य वैकल्पिक पंप से सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ छावनी के MSC स्टेडियम में शुरू हुई अग्निवीर भर्ती रैली: पहले दिन 13 जिलों की कराई प्रक्रिया, शामिल हुए 265 अभ्यर्थी

संबंधित समाचार