Bareilly: खेत पर गए बुजुर्ग किसान की निर्मम हत्या...गर्दन और पैरों पर धारदार हथियार से वार
शेरगढ़, अमृत विचार। खेत पर बरसीम काटने गए एक 60 वर्षीय किसान की धारदार हथियार से गर्दन और पैरों में ताबड़तोड़ वार कर रहस्यमयी ढंग से निर्मम हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नमूने लिए। थाना शेरगढ़ के गांव डूंगरपुर देहात निवासी 60 वर्षीय किसान रामदास शुक्रवार के दिन दोपहर तकरीबन 2:00 बजे गांव के निकट नहर के किनारे स्थित खेत पर बरसीम काटने गए थे।
जो देर शाम तक वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने काफी इंतजार के बाद किसान से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ गांव के इर्द-गिर्द व आस-पास के जंगल में खोजबीन की। लेकिन किसान का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इधर शनिवार सुबह खोजबीन को निकले परिजनों को गांव के किनारे एक सागौन के खेत में बरसीम का बोरा पड़ा मिला जबकि किसान का शव बराबर में गन्ना के खेत में पड़ा हुआ था। किसान का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में हत्या की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भी जुड़ गई।
परिजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार,वरिष्ठ उप निरीक्षक आदित्य गौरव श्रीवास्तव,इंस्पेक्टर क्राइम सत्य सिंह,उपनिरीक्षक अख्तर अली पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। वहीं सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और मौके से नमूने लिए। मृतक किसान कोतवाली देवरनिया के गांव रहपुरा घनश्याम का रहने वाला था। जो तकरीबन 50 वर्ष पूर्व परिवार सहित अपनी ननिहाल थाना क्षेत्र शेरगढ़ के गांव डूंगरपुर देहात में आकर वस गया था।
मृतक के चार बेटियां जबकि एक बेटा है। वहीं एक बेटी सुमन अभी अविवाहित है। जो स्नातक उत्तीर्ण है। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पुलिस मामले में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। मृतक के पुत्र मोहित की ओर से अज्ञात में मामला पंजीकृत कराया गया है।
मृतक के 19 वर्षीय विवाहित पुत्र मोहित ने बताया कि तकरीबन 20 वर्ष पूर्व उसके पिता किसान रामदास का खेत की मेड़ के निकास को लेकर गांव के एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। बाद में कुछ दिनों बाद किसान को धारदार हथियार से घायल कर दिया गया था जिसमें किसान बाल बाल बच गया था हालांकि उक्त अभियोग फाइनल हो चुका है। मृतक के पुत्र ने पुरानी रंजिश से भी इनकार नहीं किया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। एसओजी की टीम भी मैदान में उतर आई है।
