UP: स्कूल में धार्मिक पोस्टर पर हंगामा, दो अध्यापक निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल/चंदौसी। चंदौसी अंतर्गत गांव नगला पूर्वा में प्राथमिक विद्यालय की दीवारों पर आयतों वाला पोस्टर व तस्वीरें टांगने को लेकर शुक्रवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार्यकर्ताओं के साथ नोकझोंक हो गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की इंचार्ज अध्यापक व दूसरे समुदाय के सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है।

थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के नगला पूर्वा गांव के प्राथमिक परिषदीय विद्यालय में दीवारों पर दूसरे धर्म के पोस्टर व आयतें लिखा फोटो लगे होने की जानकारी पर शुक्रवार दोपहर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता प्राथमिक विद्यालय में पहुंच गए। देखा कि दीवार पर आयतें और उनसे जुड़ी तस्वीरें टंगी थीं। मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, मां सरस्वती, भारत माता, सुभाष चंद्र बोस, रविंद्र नाथ टैगोर सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरों को रस्सी से बांधकर एक कमरे में रख दिया गया था। कार्यकर्ताओं ने आक्रोशित होकर हंगामा खड़ा कर दिया। प्रधान अध्यापिका पुष्पा रानी व सहायक अध्यापक मौहम्मद नाजिम से महापुरुषों की तस्वीरें हटाकर धार्मिक तस्वीरें लगाने को लेकर जवाब मांगा तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाये।

विद्यालय में हंगामे की सूचना मिली तो कुढ़ फतेहगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने संगठनों के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माग पर अड़ गये। इस दौरान पुलिस के साथ भी कहासुनी और नोकझोंक के हालात बने। हंगामे के बीच ही विद्यालय की एक अध्यापिका ने एआरपी एवं सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम पर आयतें लिखवाने का आरोप लगाया। प्रधानाध्यापक पुष्पा रानी और सहायक अध्यापक मोहम्मद नाजिम एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर खुद को बचाने का प्रयास करते रहे। मामला बढ़ता दिखा तो पुलिस कर्मियों ने कार्यकर्ताओं से कहा कि तहरीर दें। तहरीर के आधार पर अधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। देर शाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा नेइंचार्ज अध्यापिका पुष्पा रानी व सहायक अध्यापक मौहम्मद नाजिम को निलंबित कर दिया है। कहा कि सभी आरोपों की गहनता से जांच कराई जायेगी।

संगठन बोले, शरिया लागू करने की साजिश
संभल/कुढफतेहगढ़, अमृत विचार: विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेताओं ने आरोप लगाया कि शरिया कानून लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठनों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान जिला मंत्री विजय चौधरी, राजेश गुप्ता, दीपक कश्यप, दिनेश कुमार, रवि शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। विहिप कार्यकर्ता आशीष तूफानी ने बताया कि विद्यालय की दीवार पर आयतें लिखी हुई मिलीं। महापुरुषों की तस्वीरें एक कमरे में रस्सी से बंधी रखी थीं। यह बेहद दुखद है कि सरकारी स्कूल में महापुरुषों की प्रतिमाओं को हटाकर रस्सी से बांधकर रख दिया जाये और धार्मिक तस्वीरों को दीवारों पर टांग दिया जाये। साफ जाहिर है कि इसके पीछे बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दे दी गई है। वहीं विभाग संयोजक सत्संग प्रमुख आचार्य ऋतुपन शर्मा ने कहा कि विद्यालय में आयतें लगाए जाने का संगठन द्वारा विरोध किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार