Bareilly : किला और कोतवाली क्षेत्र में मांझे के खिलाफ छापेमारी, मौके से नहीं मिला चाइनीज मांझा 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सीएम की सख्ती के बाद जिले में चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी चाइनीज मांझे की तलाश में किला और कोतवाली क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम को कहीं से चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ। वहीं दुकानदार और मांझा कारीगरों को चेतावनी दी गई है कि अगर वह चाइनीज मांझा बनाते या बेचते हुए पकड़े गए तो कार्रवाई की जाएगी।

किला के बाकरगंज हुसैन बाग में सीओ सोनाली मिश्रा और कोतवाली क्षेत्र के आजमनगर, बताशे वाली गली समेत अन्य जगह पर सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने अपनी टीम के साथ चाइनीज मांझे की चेकिंग की। पुलिस की इस कार्रवाई से बाजार में भगदड़ मच गई। हालांकि, इस दौरान पुलिस को मौके से चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ, लेकिन कारीगरों और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि 15 जनवरी से ही जिले में अवैध मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 20 दिनों में पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों में 8 मुकदमे दर्ज किए हैं। इस कार्रवाई में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 60 चरखी चाइनीज मांझा बरामद किया गया है। एसएसपी ने कहा कि सभी सीओ के नेतृत्व में टीमें गठित हैं, जो 11 फरवरी तक लगातार सत्यापन और छापेमारी का काम करेंगी। उन्होंने बताया कि सभी थानों में मांझा कारीगरों के साथ मीटिंग भी की गई है।

संबंधित समाचार